, Sept. 3 -- मुंबई, 03 सितंबर सोनी सब का लोकप्रिय शो 'यादें' रिश्तों, भावनाओं और हास्य से भरपूर कहानी के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। आगामी एपिसोड में डॉ. देव (इक़बाल खान) एक ऐसे भावनात्मक द्वंद्व में फंसते नजर आएंगे, जहां उन्हें अपने दिल और किए हुए वादे में से किसी एक को चुनना होगा।

कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) को पता चलता है कि डिग्गी (अर्जुन पुंज) ने उनके हस्ताक्षर जाली बनाए हैं। इसके बाद वह अपनी शादी तोड़ने का फैसला करती हैं। दूसरी ओर, डॉ. देव एक बड़ा त्याग करने के लिए तैयार हो जाते हैं। वह डॉ. प्रीति से शादी करने का फैसला करते हैं, ताकि अपनी मां देवयानी से आर्थिक मदद लेकर डॉ. सृष्टि को मनी-लॉन्ड्रिंग मामले से बचाया जा सके।

डॉ. प्रीति इस प्रस्ताव से बेहद खुश हैं और उन्हें इस फैसले के पीछे छिपी असली वजह की कोई जानकारी नहीं है। वहीं, डॉ. देव अपने दिल की भावनाओं को छिपाकर अपने वादे को निभाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच डॉ. उदितांशु, डॉ. अनन्या और घेना एक दुर्घटना में फंस जाते हैं, जिसके बाद उनके रिश्तों का एक और जटिल पहलू सामने आता है। डॉ. देव जब उनकी स्थिति संभालने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें अपनी निजी जिंदगी में चल रहे रिश्तों के उलझे समीकरण भी याद आते हैं।

अब सवाल यह है कि क्या डॉ. देव अपने इस बड़े राज को सभी से छिपाकर रख पाएंगे? क्या वह डॉ. उदितांशु, डॉ. अनन्या और घेना के रिश्तों की गुत्थी सुलझा पाएंगे? और सबसे बड़ा सवाल-क्या डॉ. प्रीति के साथ उनकी शादी वास्तव में हो पाएगी?डॉ. देव की भूमिका निभा रहे इक़बाल खान कहते हैं, "डॉ. देव एक बेहद जटिल स्थिति में हैं, क्योंकि उनका हर फैसला किसी न किसी परिणाम से जुड़ा है। वह जानते हैं कि उनके दिल में क्या है, लेकिन उन्होंने देवयानी से एक वादा भी किया है। डॉ. देव अपने वादों को बहुत गंभीरता से लेते हैं और उनके लिए अपनी बात पर कायम रहना सिद्धांत का मामला है, भले ही इसके लिए उन्हें अपनी खुशी पीछे रखनी पड़े।"उन्होंने कहा, "डॉ. प्रीति सचमुच खुश हैं और उन्हें लगता है कि डॉ. देव ने उन्हें चुना है, जबकि डॉ. सृष्टि को इस फैसले के पीछे की परिस्थितियों का जरा भी अंदाजा नहीं है। डॉ. देव एक ऐसा सच छिपा रहे हैं, जो सब कुछ बदल सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इस सच को आखिर कितने समय तक छिपा पाते हैं।"सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे 'यादें' का प्रसारण किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित