मुंबई , जुलाई 14 -- सोनी सब के धारावाहिक 'यादें' में अभिनेत्री छवि पांडे की एंट्री होने जा रही है। वह शो में डॉ. प्रीति देशमुख का किरदार निभाती नजर आएंगी, जो अपनी चुलबुली और भुलक्कड़ आदतों के साथ एक बेहद कुशल सर्जन हैं।
शो में डॉ. देव मेहता (इकबाल खान) अपनी निजी भावनाओं और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान डॉ. प्रीति देशमुख की एंट्री उनकी जिंदगी में पुराने जज़्बात और अनसुलझे रहस्यों को फिर से सामने ले आती है।
डॉ. प्रीति, डॉ. देवयानी देशमुख की बेटी हैं। वह भले ही रोजमर्रा की जिंदगी में भुलक्कड़ और अपने ही ख्यालों में खोई रहती हों, लेकिन ऑपरेशन थिएटर में उनकी पहचान एक बेहतरीन और भरोसेमंद सर्जन की है। वर्षों से डॉ. देव की प्रशंसक रहीं प्रीति अपने दिल में छिपे जज़्बातों के साथ उनकी जिंदगी में लौटती हैं, जिससे कई नए सवाल और परिस्थितियां जन्म लेती हैं।
अपने किरदार के बारे में छवि पांडे ने कहा, "जैसे ही मैंने डॉ. प्रीति के बारे में सुना, मुझे लगा कि मैं यह किरदार जरूर निभाना चाहती हूं। वह मजेदार, अनपेक्षित, बहुत बातें करने वाली, सब कुछ भूल जाने वाली और फिर भी सबसे बेहतरीन डॉक्टर है। यही विरोधाभास इस किरदार को खास बनाता है। 'यादें' का हिस्सा बनने और इकबाल खान के साथ स्क्रीन साझा करने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। दर्शकों को शुरुआत में डॉ. प्रीति का एक रूप दिखाई देगा, लेकिन उनकी कहानी में कई अप्रत्याशित मोड़ आने वाले हैं।"'यादें' का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात आठ बजे किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित