मुंबई , अक्टूबर 17 -- सोनी सब के धारावाहिक 'यादें' के कलाकार गुलकी जोशी और इकबाल खान इन दिनों शूटिंग के बीच सेट पर आए नन्हें मेहमानों यानी पप्पीज़ के साथ सुकून भरे पल बिता रहे हैं।धारावाहिक में डॉ. देव मेहता (इकबाल खान) सामुदायिक सेवा के लिए किल्लारी गांव में रहने पहुंच गए हैं। इसी दौरान सेट पर कुछ पप्पीज़ की मौजूदगी कलाकारों और क्रू के लिए खुशी का खास मौका बन गई है। शूटिंग के बीच ये पप्पीज़ सेट पर इधर-उधर घूमते हैं और कलाकारों के साथ खेलते हैं। गुलकी जोशी और इकबाल खान भी अपने व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर उन्हें दुलार करते हैं।

धारावाहिक में डॉ. सृष्टि की भूमिका निभा रहीं गुलकी जोशी ने कहा कि सेट पर पप्पीज़ के आते ही सभी कुछ देर के लिए शूटिंग की व्यस्तता भूल जाते हैं। उन्होंने बताया कि वह अक्सर दृश्यों की शूटिंग के बीच उनके साथ खेलती हैं और उन्हें खूब दुलार करती हैं। पप्पीज़ का उनके पीछे-पीछे घूमना और रिहर्सल के दौरान पास आकर बैठ जाना उन्हें बेहद अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि इन नन्हें मेहमानों ने किल्लारी में शूटिंग के अनुभव को और भी मजेदार बना दिया है।

वहीं, डॉ. देव मेहता की भूमिका निभा रहे इकबाल खान ने कहा कि पप्पीज़ को जैसे ही शूटिंग के बीच ब्रेक मिलता है, वे कलाकारों के पास पहुंच जाते हैं। कई बार चर्चा के दौरान वे चुपचाप आकर पास बैठ जाते हैं और सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं। उन्होंने कहा कि इन पलों ने सेट के माहौल को खुशनुमा बना दिया है और व्यस्त शूटिंग के बीच सभी को सुकून के कुछ खास पल मिलते हैं।

'यादें' का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात आठ बजे सोनी सब पर होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित