पिथौरागढ़ , मई 23 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में महिला सशक्तिकरण की दिशा में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की पहल "मेरा सपना, मेरा लक्ष्य" कार्यक्रम का शनिवार को पांचवां संस्करण आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कनालिछीना की विभिन्न कक्षाओं की 25 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। साथ ही उत्तराखंड परिषदीय परीक्षाओं में 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 18 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के तहत छात्राओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षिक भ्रमण कराया गया तथा महिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीधा संवाद आयोजित हुआ। इस दौरान छात्राओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा और करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी भटगांई ने बताया कि सम्मानित मेधावी विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के माध्यम से सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। कार्यक्रम में मौजूद अन्य छात्राओं ने भी इसे प्रेरणादायक अनुभव बताया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई ने बताया कि उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा में जिला पिथौरागढ़ ने पूरे राज्य में 10वीं कक्षा में 96.25 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा तथा 12वीं कक्षा में 94.11 प्रतिशत परिणाम के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
जिलाधिकारी भटगांई ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता तथा अनुशासन, समर्पण और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही आगे बढ़ने का आधार है। उन्होंने छात्राओं को ईमानदारी, धैर्य, करुणा और आत्मविश्वास जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुर्वेद और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी महिला अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। संवाद सत्र के दौरान छात्राओं ने करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े प्रश्न पूछे तथा अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का द्वार छात्राओं के लिए हमेशा खुला है और मार्गदर्शन के लिए अधिकारी हर समय उपलब्ध रहेंगे। कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रवीण रावल ने किया। इस अवसर पर योगेंद्र सिंह, जितेन्द्र वर्मा, डॉ. चंद्रकला भैंसोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित