प्रयागराज , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 मई को प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह नगर निगम द्वारा आयोजित "मेयर के तीन साल बेमिसाल" कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे नगर निगम पहुंचेंगे और लगभग 45 मिनट तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नगर निगम के नए सदन हॉल का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही नगर निगम के नए लोगो का अनावरण तथा पिछले तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों पर आधारित विशेष पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम परिसर में साफ-सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।

प्रयागराज के मेयर गणेश केशरवानी ने बताया कि बीते तीन वर्षों में नगर निगम ने शहर के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री इन्हीं विकास कार्यों का अवलोकन करने और आगामी योजनाओं के संबंध में दिशा-निर्देश देने प्रयागराज आ रहे हैं।

मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रयागराज का तेजी से विकास हुआ है। शहर में सड़कों, सफाई व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर कार्य हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन को प्रयागराज के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि नगर निगम परिवार और शहरवासी उनका भव्य स्वागत करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित