सुकमा, मई 13 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में दुर्गम और पहुँचविहीन अंचलों में 'मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान' के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साहस और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए दो गंभीर रूप से बीमार बच्चियों की जान बचाई है, जिसकी जानकारी आज जिला प्रशासन ने दी ।
दूरस्थ ग्राम दुरभा में 5 वर्षीय माड़वी नन्दे और 4 वर्षीय माड़वी सुमड़ी की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। दोनों बच्चे मलेरिया, गंभीर कुपोषण और अत्यधिक एनीमिया से ग्रसित थे, जिनका हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 2 से 3 ग्राम तक पाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य दल ने तत्काल दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुकमा रेफर किया।
घने जंगलों, नदी-नालों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को पार करते हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को लगभग 96 किलोमीटर दूर जिला चिकित्सालय तक पहुँचाया, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। दोनों बच्चों को रक्त चढ़ाने के साथ मलेरिया का पूर्ण उपचार और गहन चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई।
जिला अस्पताल के अंतर्गत पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में हुए उपचार के बाद बच्चों की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। कुछ ही दिनों में उनका हीमोग्लोबिन स्तर बढ़कर 9 ग्राम से अधिक हो गया और उनकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर हो गई।
उपचार के उपरांत दोनों बच्चों को आवश्यक परामर्श और पोषण संबंधी मार्गदर्शन के साथ उनके परिजनों को सुरक्षित रूप से वापस गाँव पहुँचाया गया। प्रशासन द्वारा उनके आवश्यक दस्तावेज भी तैयार किए गए, ताकि उन्हें भविष्य में शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके।
कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान को लेकर प्रशासन का कहना है कि यह केवल उपचार तक सीमित प्रयास नहीं है, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का एक सशक्त मॉडल है।
'मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान' के तहत सुकमा जिले में अब तक 2,93,386 लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से 1,74,770 लोगों की जांच एवं उपचार पूर्ण किया जा चुका है। अभियान के दौरान 5,240 से अधिक मरीजों को मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, कुपोषण, एनीमिया, उच्च जोखिम गर्भावस्था, बीपी और शुगर जैसी बीमारियों के लक्षणों के आधार पर चिन्हित कर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया है।
प्रशासन ने कहा है कि यह अभियान दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को मजबूत कर रहा है और ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में समय पर उपचार सुनिश्चित कर जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित