मुंबई , अक्टूबर 23 -- निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की वेब सीरीज 'मिर्जापुर' के दूसरे सीजन के छह साल पूरे होने पर निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा कर इस मौके का जश्न मनाया।एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी 'मिर्जापुर 2' का प्रीमियर 23 अक्टूबर 2020 को अमेजन प्राइम वीडियो पर हुआ था। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस सीरीज में पूर्वांचल की सत्ता, बदले की भावना और वर्चस्व की लड़ाई को दिखाया गया है। दूसरे सीजन में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी और रसिका दुगल समेत कई कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाईं।
पहले सीजन की कहानी को आगे बढ़ाते हुए 'मिर्जापुर 2' में राजनीति, अपनों को खोने का दर्द, दुश्मनी और सत्ता हासिल करने की जद्दोजहद को प्रमुखता से पेश किया गया। इसके कथानक और कलाकारों के अभिनय ने सीरीज को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।
सीरीज के छह साल पूरे होने पर निर्माताओं ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें इसके यादगार किरदारों, दुश्मनी और टकराव के दृश्यों की झलक दिखाई गई। इसके साथ उन्होंने लिखा, "यह भी ठीक है। मिर्जापुर 2 के छह साल पूरे होने का जश्न।"'मिर्जापुर' की लोकप्रियता को लेकर दर्शकों का उत्साह अब भी बना हुआ है। हाल में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने भी इस फ्रेंचाइजी को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी को फिर चर्चा में ला दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित