मुंबई , अगस्त 10 -- हुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' के ट्रेलर लॉन्च से पहले निर्माताओं ने फिल्म के चार नए और दमदार पोस्टर जारी किए हैं। पोस्टर्स में कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी), मुन्ना भैया (दिव्येंदु), गुड्डू पंडित (अली फज़ल) और बबलू पंडित (जितेंद्र कुमार) नजर आ रहे हैं।फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर से दो दिन पहले जारी किए गए इन पोस्टर्स ने 'मिर्जापुर' फ्रेंचाइज़ी के प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। पोस्टर्स में फ्रेंचाइज़ी के चर्चित किरदारों की वापसी को रेखांकित किया गया है, जो लंबे समय से दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहे हैं।
'मिर्जापुर: द मूवी' के जरिए पहली बार इस चर्चित सीरीज की दुनिया को बड़े पर्दे पर पेश किया जा रहा है। फिल्म दर्शकों को 'मिर्जापुर' की उसी दुनिया में वापस ले जाएगी, जहां सत्ता, अपराध, बदले और रिश्तों की जटिल कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म में गुड्डू पंडित, मुन्ना भैया और कालीन भैया समेत फ्रेंचाइज़ी के कई लोकप्रिय किरदार एक साथ नजर आएंगे।
फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंगशा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं।
अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा ने किया है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म का निर्माण किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी सह-निर्माता हैं।
'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषा में प्रदर्शित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित