चंडीगढ़ , मार्च 06 -- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला उद्यमिता की भावना का जश्न मनाने के लिए शुरू किया गया भगवंत मान सरकार का 'महिला उद्यमी सम्मान कार्यक्रम' का पहला चरण दो मार्च से छह मार्च तक पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया गया। इस दौरान व्यापार और स्व-रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही महिलाओं को उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 100 महिला उद्यमियों (ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से) को आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके प्रयासों के लिए पहचान मिली।

सरकारी प्रवक्ता ने यहां जारी बयान में बताया कि पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (पीएासआरएलएम) पोर्टल के माध्यम से 28,000 से अधिक नामांकन प्राप्त हुये हैं। नामांकनों की इतनी बड़ी संख्या उद्यमिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने के उनके दृढ़ संकल्पको उजागर करती है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत पहचान की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जा रही है। निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर लगभग 11,700 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया है। जिला स्तर पर इनमें से 2,300 महिलाओं का चयन किया जायेगा, जिन्हें पंजाब के 23 जिलों में जिला स्तर पर सम्मानित किया जायेगा (प्रत्येक जिले से 100 महिलाएं)।

कार्यक्रम का अंतिम चरण 18 मार्च को राज्य स्तरीय समारोह में होगा। यहां पंजाब भर की शीर्ष 100 महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा सम्मानित किया जाएगा। चयनित प्रत्येक महिला को उनकी उपलब्धियों के सम्मान में 25,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित