हैदराबाद , मार्च 29 -- तेलंगाना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, स्वस्थ जीवनशैली और युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर लगातार मार्गदर्शन दे रहा है।
उन्होंने मन की बात के 132वें एपिसोड को हैदराबाद के गनफाउंड्री में देखने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि इस कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि यह गर्व की बात है कि कार्यक्रम में तेलंगाना के दो प्रेरणादायक उदाहरणों का उल्लेख किया गया। इनमें सूर्यापेट के श्री रघुवीर रेड्डी का 'युवा भारत' पहल के तहत योगदान और मंचेरियल जिला में जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण के लिए जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयास शामिल हैं।
श्री राव ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रधानमंत्री ने पानी के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की और पर्यावरण संरक्षण को सभी की साझा जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि "गो ग्रीन" जैसी पहल को स्थानीय स्तर पर अच्छा समर्थन मिल रहा है, जिससे प्लास्टिक के कम उपयोग और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित