भोपाल , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम देश में सकारात्मक बदलावों से प्रेरणा लेने और नवाचार को प्रोत्साहित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
राज्यपाल ने आज यहां रविन्द्र भवन के अंजनी सभागार में आयोजित 'मन की बात' के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक दूरदर्शी एवं संवेदनशील नेता हैं, जिनके नेतृत्व में समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सोच में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि 'दिव्यांग' शब्द समाज को उनकी विशेष क्षमताओं को पहचानने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने 11 आत्मनिर्भर दिव्यांगजनों को सम्मानित किया। यह आयोजन 'उमंग गौरवदीप वेलफेयर सोसायटी' द्वारा संचालित 'उमंग विशेष विद्यालय' की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया गया था।
राज्यपाल ने दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि शारीरिक सीमाएं किसी के हौसलों को रोक नहीं सकतीं।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। 'सुगम्य भारत अभियान' के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों, परिवहन और सूचना तंत्र को दिव्यांगजनों के लिए सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया, जिनमें शासकीय सेवाओं, निजी संस्थानों और खेल एवं कला क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित