चंडीगढ़ , मई 31 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का उद्देश्य देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

अंबाला छावनी में कार्यक्रम सुनने के बाद उन्होंने कहा कि 'मन की बात' ने पूरे देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया है।

श्री विज ने कहा कि श्री मोदी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की कहानियां देश के सामने रखते हैं। इस बार कार्यक्रम में खिलाड़ियों गुरविंद्र सिंह और अन्वेष की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया, जिन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए चयनित होने पर बधाई दी गयी। उन्होंने कहा कि ऐसी सफलताएं युवाओं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भीषण गर्मी से बचाव, लस्सी और आम पन्ना जैसे पारंपरिक पेय पदार्थों के उपयोग, खगोल विज्ञान के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि, पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि एक गांव के युवाओं द्वारा प्रदूषित नदी को स्वच्छ बनाने का उदाहरण समाज के लिए प्रेरणादायक है और यह संदेश देता है कि देश के विकास में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित