भोपाल , जुलाई 17 -- मध्यप्रदेश में भोपाल संभागायुक्त ने कहा है कि 'ब्रिक्स सम्मेलन' मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय पहचान को एक नया आयाम देगा। भोपाल में आगामी माह आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय 'ब्रिक्स सम्मेलन' की पूर्व तैयारियों को लेकर संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को यहां संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस बैठक में श्री शर्मा ने कहा कि यह वैश्विक सम्मेलन मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय पहचान को एक नया आयाम देगा, अतः इसकी तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। श्री शर्मा ने कहा कि इस सम्मेलन में आने वाले वैश्विक प्रतिनिधि (डेलीगेट्स) मध्यप्रदेश के विश्व धरोहर स्थल सांची के बौद्ध स्तूपों, प्रागैतिहासिक भीमबेटका की शैलकला, ऐतिहासिक भोजपुर शिव मंदिर और पवित्र धार्मिक नगरी उज्जैन का भ्रमण कर सकते हैं, अतः इन सभी महत्वपूर्ण पर्यटन परिपथों से जुड़ी सड़कों को भी पूरी तरह गड्ढा मुक्त, सुसज्जित और दर्शनीय बनाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित