मुंबई , जुलाई 29 -- बंगाली फिल्म 'बोहुरूपी' की सफलता के बाद अभिनेत्री कौशानी मुखर्जी एक बार फिर झिमली के किरदार में दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार हैं। नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी की आगामी फिल्म 'बोहुरूपी: द गोल्डन डाकू' में झिमली का किरदार पहले से अधिक परिपक्व, भावनात्मक और बहुआयामी रूप में दिखाई देगा।

दुर्गा पूजा 2026 के अवसर पर रिलीज होने वाली इस फिल्म में पहली फिल्म की लोकप्रिय जोड़ी बिक्रम और झिमली की कहानी को आगे बढ़ाया गया है। फिल्म में उनके रिश्ते का नया अध्याय, बड़े कैनवास, गहरी भावनाओं और कई अप्रत्याशित घटनाक्रमों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।

कौशानी मुखर्जी ने कहा, "बोहुरूपी: द गोल्डन डाकू के साथ झिमली एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है और इस किरदार को दोबारा निभाने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। दर्शकों ने बोहुरूपी में बिक्रम और झिमली की केमिस्ट्री को भरपूर प्यार दिया था और इस बार उनकी कहानी और भी अधिक गहराई, भावनाओं, रोमांस और कई सरप्राइज के साथ लौट रही है।"उन्होंने कहा, "फिल्म का पैमाना पहले से कहीं बड़ा है। हमने कई खूबसूरत स्थानों पर शूटिंग की है, जिससे फिल्म का अनुभव और भव्य बन गया है। झिमली भी अब पहले जैसी नहीं रही। वह अब एक पत्नी है, एक मां है, एक पॉकेटमार है और कई अलग-अलग रंगों वाली महिला है। इस फिल्म में मुझे झिमली के पांच अलग-अलग लुक्स निभाने का अवसर मिला है, जो उसकी जिंदगी के विभिन्न चरणों को दर्शाते हैं।"फिल्मकार नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने कहा कि बोहुरूपी: द गोल्डन डाकू की कहानी लिखते समय ही यह तय कर लिया गया था कि झिमली का किरदार पहले वाली लड़की जैसा नहीं रहेगा। उनके अनुसार, जीवन के अनुभवों ने उसे बदल दिया है और उसके रिश्तों तथा निर्णयों का भावनात्मक महत्व पहले से कहीं अधिक गहरा हो गया है।उन्होंने कहा कि कौशानी ने झिमली के इस नए रूप को जिस परिपक्वता और बारीकी से पर्दे पर उतारा है, उससे किरदार का सफर और अधिक प्रभावशाली बन गया है। उन्हें विश्वास है कि दुर्गा पूजा के अवसर पर दर्शक झिमली के इस नए रूप को पसंद करेंगे।

बड़े कैनवास, रोमांचक कहानी और लोकप्रिय किरदारों की वापसी के साथ 'बोहुरूपी: द गोल्डन डाकू' को दुर्गा पूजा 2026 की प्रमुख सिनेमाई प्रस्तुतियों में से एक माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित