अमृतसर , जून 20 -- अमृतसर से सांसद एवं पंजाब वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरजीत सिंह औजला ने भारतीय वॉलीबॉल खिलाड़ी जस्करण सिंह को राष्ट्रीय सीनियर टीम के प्रशिक्षण शिविर से बाहर रखे जाने के मामले को लेकर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओसी) की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. ऊषा से हस्तक्षेप की मांग की है।

श्री औजला ने शनिवार को डॉ. पी.टी. ऊषा को लिखे पत्र में कहा कि अमृतसर निवासी जस्करण सिंह ने वाराणसी में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 'बेस्ट यूनिवर्सल प्लेयर' का खिताब हासिल किया था। इसके बावजूद उन्हें भारतीय सीनियर वॉलीबॉल टीम के प्रशिक्षण कैंप में स्थान नहीं दिया गया, जिससे खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रेमियों में निराशा और असंतोष है।

उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया से बाहर रखा जाता है और अपेक्षाकृत कम उपलब्धियों वाले खिलाड़ियों को अवसर दिया जाता है, तो चयन प्रणाली की पारदर्शिता, निष्पक्षता और योग्यता-आधारित प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में प्रतिभा और प्रदर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए तथा किसी भी खिलाड़ी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

श्री औजला ने अपने पत्र में एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक खिलाड़ी, कोच और विशेषज्ञ देने के बावजूद पंजाब को भारतीय वॉलीबॉल की चयन समितियों, कोचिंग ढांचे और प्रशासनिक संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय वॉलीबॉल में पंजाब का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है, लेकिन निर्णय लेने वाले मंचों पर राज्य की लगातार अनदेखी चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि पंजाब को राष्ट्रीय वॉलीबॉल की विभिन्न समितियों, चयन बोर्डों, कोचिंग संरचनाओं और प्रशासनिक निकायों में उचित और प्रभावी प्रतिनिधित्व दिया जाये।

उन्होंने डॉ. पी.टी. ऊषा से आग्रह किया कि जस्करण सिंह के चयन मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाये कि राष्ट्रीय टीम में चयन केवल प्रतिभा, प्रदर्शन और खेल उत्कृष्टता के आधार पर हो। उन्होंने विश्वास जताया कि समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से खिलाड़ियों और खेल समुदाय का भरोसा मजबूत होगा तथा भारतीय खेल प्रशासन में पारदर्शिता, समान अवसर और निष्पक्षता के सिद्धांतों को और मजबूती मिलेगी।उन्होंने जोर दिया कि पंजाब ने हमेशा देश को उत्कृष्ट खिलाड़ी दिए हैं और भविष्य में भी राज्य के खिलाड़ी भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित