दरभंगा , अगस्त 31 -- बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को 'बेटी जन्मोत्सव' कार्यक्रम आयोजित कर 45 नवजात कन्याओं एवं उनकी माताओं को बेबी किट, फल की टोकरी और बधाई कार्ड देकर सम्मानित किया गया।समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निगम, पटना के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (डीएचईडब्ल्यू), दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने के साथ उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अभिभावकों को जागरूक किया गया।

इस दौरान माताओं एवं परिजनों को बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह की रोकथाम तथा बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया।

डीएचईडब्ल्यू, दरभंगा की लैंगिक विशेषज्ञ डॉली कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) तथा सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों के भविष्य के लिए कम उम्र से ही नियमित बचत करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहेड़ी के प्रभारी, आशा फैसिलिटेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित