पटना , मई 28 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने 'बिहार सरकार स्वास्थ्य योजना' के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने के कैबिनेट के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस निर्णय से विधानमंडल के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों, अखिल भारतीय सेवा के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त पदाधिकारियों, राज्य सरकार के नियमित राज्य पदाधिकारियों,कर्मियों , सेवानिवृत्त पेंशनभोगी (पति-पत्नी) तथा उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधा और सुलभ हो जायेगी। डॉ. प्रेम कुमार ने निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बजट सत्र के दौरान कुछ माननीय सदस्यों ने विधानमंडल के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों, राज्य कर्मियों एवं पेंशनभोगियों के लिए कैशलैस इलाज की मांग को प्रखरता से उठाया था, जिस पर राज्य सरकार ने आश्वासन दिया था कि सदस्यों की मांग को देखते हुए इसे शीघ्र लागू किया जाएगा।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सदन की मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने यह ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी निर्णय लिया है, जो अत्यंत प्रशंसनीय है । उन्होंने विश्वास जताया कि यह कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था राज्य में लोक-स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगी ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित