लखीसराय , मई 20 -- ला एवं संस्कृति विभाग की ओर से राज्य में क्षेत्रीय सिनेमा, लोककला एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से "बिहार फिल्म प्रोत्साहन योजना 2024" संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत बिहार में बनने वाली फिल्मों को सरकार द्वारा आर्थिक सहयोग एवं विभिन्न प्रकार की सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी।योजना के तहत फीचर फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिल्म, वेब सीरीज, टीवी सीरियल, एनीमेशन फिल्म तथा अन्य ऑडियो-विजुअल प्रोजेक्ट्स के निर्माण के लिये आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। फिल्म निर्माण से जुड़े निर्माता, निर्देशक, कलाकार, तकनीशियन तथा इच्छुक संस्थाएँ ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।

आवेदन के लिये इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा। इसके उपरांत यूज़र आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जिला प्रशासन द्वारा जिले के युवा कलाकारों, फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले युवाओं, सांस्कृतिक संस्थाओं तथा मीडिया से जुड़े लोगों से अपील की गई है कि वे इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाएँ तथा बिहार की कला, संस्कृति एवं विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, लखीसराय डॉ.मृणाल रंजन ने बताया कि यह योजना बिहार में फिल्म उद्योग को नई दिशा देने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को रोजगार एवं पहचान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित