चंडीगढ़ , फरवरी 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को बरनाला में आयोजित कांग्रेस की रैली को लेकर पार्टी नेता राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर जोरदार हमला बोला है।
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस रैली में पंजाब के असली मुद्दों, किसानों के संकट और मनरेगा मजदूरों के हक पर पूरी तरह चुप्पी साध ली है। उन्होंने कहा कि पंजाब में मनरेगा योजना के तहत हजारों करोड़ रुपये की अनियमितताएं हुई हैं, लेकिन श्री गांधी ने इस पर एक शब्द भी नहीं बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न तो मजदूरों की बकाया मजदूरी का मुद्दा उठाया और न ही उन्हें मिलने वाले 100 दिनों के अनिवार्य रोजगार की गारंटी पर कोई बात की। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस का इन घोटालों पर चुप रहना यह साबित करता है कि पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) एक-दूसरे को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए श्री ढिल्लों ने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और दावा किया कि भाजपा सरकार ने मनरेगा केतहत रोजगार गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसेबड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2047 तक इसे 21 से 30 ट्रिलियन डॉलर की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है।
श्री गांधी द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की आलोचना का जवाब देते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि विदेशी व्यापार समझौतों और निवेश से देश में औद्योगिक विकास होगा। इससे युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। किसानों की आय में रिकॉर्ड वृद्धि होगी। पंजाब के लघु और मध्यम उद्योगों को वैश्विक बाजार मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित