मुंबई , जुलाई 17 -- बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की सुपरहिट फिल्म 'बजरंगी भाईजान' ने अपनी रिलीज के 11 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर सलमान खान फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म के यादगार पलों को साझा करते हुए विशेष पोस्ट के जरिए जश्न मनाया।

कबीर खान के निर्देशन में बनी और सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले निर्मित 'बजरंगी भाईजान' वर्ष 2015 में रिलीज हुई थी। फिल्म में सलमान खान, करीना कपूर खान, हर्षाली मल्होत्रा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं। यह फिल्म सलमान खान के करियर की सबसे सफल और चर्चित फिल्मों में शुमार की जाती है।

फिल्म की रिलीज के 11 साल पूरे होने पर सलमान खान फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर एक विशेष कैरोसेल पोस्ट साझा किया, जिसमें फिल्म के कई यादगार दृश्यों को शामिल किया गया। पोस्ट के साथ लिखा गया, "हर स्वाइप एक याद है। हर फ्रेम एक एहसास है। हर सीन एक कहानी कहता है। हर पल आज भी जिंदा है। बजरंगी भाईजान के 11 साल पूरे होने का जश्न।"'बजरंगी भाईजान' की कहानी पवन कुमार चतुर्वेदी उर्फ बजरंगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक गूंगी पाकिस्तानी बच्ची मुन्नी को उसके परिवार से मिलाने के लिए सीमाओं और तमाम मुश्किलों को पार करते हुए पाकिस्तान तक का सफर तय करता है। फिल्म ने अपनी भावनात्मक कहानी, मानवीय मूल्यों और प्रेम तथा करुणा के संदेश के कारण दर्शकों के दिलों में विशेष स्थान बनाया।

सलमान खान और हर्षाली मल्होत्रा के बीच की भावनात्मक केमिस्ट्री तथा नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अभिनय को भी दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा था। इंसानियत और सरहदों से परे रिश्तों का संदेश देने वाली यह फिल्म आज भी भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय फिल्मों में गिनी जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित