रायपुर , मार्च 25 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ताज़ा बयान को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में तीखी बयानबाजी शुरू हो गयी है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने श्री गांधी पर कड़ी टिप्पणी करते हुए उन्हें "बका-सुर राहुल" तक कह दिया।
श्री झा ने बुधवार फेसबुक पोस्ट में लिखा, "बका-सुर राहुल। कल नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फिर से देश के विरुद्ध बयान दिया है। एक समाचार के अनुसार उन्होंने कहा कि 'मोदीजी 100 प्रतिशत ट्रम्प के नियंत्रण में हैं।. ऐसा बका-सुर जब देश में नेता प्रतिपक्ष हो, तब आपका चुप रह जाना क्या गुनाह नहीं होगा।"श्री झा ने कहा कि विपक्ष को मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सरकार के साथ खड़ा होना चाहिये था। उन्होंने लिखा, " विपक्ष के पास अगर इतनी भी तमीज न हो कि देश की विदेश नीति के विषय पर सरकार के साथ खड़ा होना उसका दायित्व है. अगर इस हद तक बदजुबान हो कांग्रेस. तो सारे शिष्टता का ठेका देशभक्त समूह ने ही थोड़े ले रखा है?"उनकी इस पोस्ट के बाद कांग्रेस की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आज सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने यूनीवार्ता से बातचीत में कहा कि श्री गांधी जनता के प्रतिनिधि हैं और उसके ही सवाल उठा रहे हैं जिनका प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित