मुंबई , जुलाई 06 -- स्टार प्लस का नया शो 'फितूर' एक ऐसी कहानी लेकर आ रहा है, जिससे कई लड़कियाँ खुद को जोड़ सकेंगी। शो 'फितूर' के प्रोमो में उन भावनाओं और चुनौतियों को दिखाया गया है, जिनका सामना लड़कियाँ पहली बार गर्ल्स स्कूल से निकलकर को-एड कॉलेज में प्रवेश के दौरान करती हैं।
कई छात्राओं के लिए यह केवल कॉलेज की शुरुआत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए दौर की शुरुआत होती है। नए माहौल में खुद को ढालना, अनजान लोगों से मिलना, झिझक और घबराहट जैसी भावनाओं से गुजरना आसान नहीं होता। 'फितूर' इन्हीं अनुभवों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करते हुए लड़कियों को आत्मविश्वास के साथ नई शुरुआत करने का संदेश देता है।
शो की मुख्य अभिनेत्री देबचंद्रिमा सिंहा रॉय ने प्रोमो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "इस प्रोमो ने मुझे बहुत छू लिया क्योंकि यह ऐसी यात्रा है, जिससे बहुत-सी लड़कियाँ गुजरती हैं। गर्ल्स स्कूल के बाद पहली बार को-एड कॉलेज में जाना कई लड़कियों के लिए आसान नहीं होता। मुझे उम्मीद है कि जो भी लड़की यह प्रोमो देखेगी, उसे लगेगा कि उसकी भावनाओं को समझा गया है। घबराना बिल्कुल सामान्य है। समय और खुद पर भरोसे के साथ हर नई शुरुआत एक खूबसूरत अध्याय बन जाती है।"यह शो जल्द ही स्टार प्लस पर प्रसारित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित