मुंबई , जुलाई 29 -- साइबर क्राइम, कॉमेडी और ड्रामा का अनोखा मेल पेश करने वाली जियोहॉटस्टार सीरीज प्रीतम एंड पेड्रो के कोरियन रीमेक को लेकर शुरुआती स्तर पर बातचीत शुरू होने की खबर है। सीरीज को दर्शकों से मिले सकारात्मक प्रतिसाद के बाद एक कोरियन प्रोडक्शन हाउस ने इसके रीमेक अधिकार हासिल करने में रुचि दिखाई है।
इंडस्ट्री से जुड़े एक स्वतंत्र सूत्र के अनुसार, "प्रीतम एंड पेड्रो को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद एक कोरियन प्रोडक्शन हाउस ने इसके रीमेक राइट्स को लेकर निर्माताओं से संपर्क किया है। फिलहाल बातचीत शुरुआती दौर में है और दोनों पक्ष इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि इस कहानी को कोरियन दर्शकों के अनुरूप किस तरह ढाला जा सकता है।"हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसे भारतीय कंटेंट की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि भावनाओं, हास्य और साइबर क्राइम के तत्वों का संतुलित मिश्रण इस सीरीज को अंतरराष्ट्रीय रीमेक के लिए उपयुक्त बनाता है।
निर्देशक अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी और राजकुमार हिरानी द्वारा क्रिएट तथा प्रोड्यूस की गई प्रीतम एंड पेड्रो में अरशद वारसी, विक्रांत मैसी और वीर हिरानी ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। सीरीज एक पुराने विचारों वाले पुलिस अधिकारी और एक युवा हैकर की अनोखी साझेदारी की कहानी है, जो मिलकर साइबर अपराध की चुनौतियों का सामना करते हैं।
यह राजकुमार हिरानी का क्रिएटर और प्रोड्यूसर के रूप में पहला लॉन्ग-फॉर्म स्ट्रीमिंग प्रोजेक्ट है। कोरियन रीमेक को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। यदि यह बातचीत आगे बढ़ती है, तो प्रीतम एंड पेड्रो उन भारतीय कहानियों में शामिल हो सकती है, जिन्हें वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित