नयी दिल्ली , जुलाई 31 -- दिल्ली सरकार ने महिला यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए डीटीसी तथा दिल्ली परिवहन विभाग की बसों में मुफ्त यात्रा के लिए 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' (एनसीएमसी) की अनिवार्यता की समय-सीमा आगामी 16 अगस्त तक बढ़ा दी है और अब 15 अगस्त तक महिला यात्री पहले की तरह पिंक टिकट के जरिए मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठा सकेंगी।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यह निर्णय स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने और किसी भी पात्र महिला यात्री को असुविधा से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि सभी महिला यात्रियों को नया कार्ड बनवाने के लिए पर्याप्त समय मिले और बदलाव बिना किसी परेशानी के लागू हो।
सरकार के अनुसार 10 जुलाई को जारी परिपत्र में 1 अगस्त से केवल पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड धारक महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ देने का प्रावधान किया गया था। बड़ी संख्या में महिलाओं की सुविधा को देखते हुए मौजूदा पिंक टिकट व्यवस्था को 15 अगस्त तक जारी रखने का फैसला किया गया है। इसके बाद 16 अगस्त से केवल एनसीएमसी आधारित पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों, डिपो प्रबंधकों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और बस कंडक्टरों को जन-जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि बसों और डिपो में घोषणाएं, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से महिला यात्रियों को नयी समय-सीमा की जानकारी दी जाये तथा उन्हें समय रहते स्मार्ट कार्ड बनवाने में हर संभव सहायता उपलब्ध करायी जाये। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि 15 अगस्त तक किसी भी पात्र महिला को मुफ्त यात्रा से वंचित न किया जाये।
उन्होंने कहा कि 31 जुलाई तक 17 लाख 4 हजार 42 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किये जा चुके हैं। उन्होंने सभी महिला यात्रियों से अपील की कि वे 16 अगस्त से पहले अपना एनसीएमसी कार्ड बनवा लें ताकि मुफ्त बस यात्रा की सुविधा बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित