पटना, मार्च 10 -- पटना की क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वाधा रिज़वी ने मंगलवार कहा कि " पासपोर्ट आपके दरवाजे पर" सेवा पहल के माध्यम से पासपोर्ट सेवाओं को नागरिकों के लिए सुलभ किया जा रहा है।
सुश्री रजवी ने सेंट माइकल हाई स्कूल में आयोजित विशेष पासपोर्ट शिविर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि इस तरह की पहल से नागरिकों, विशेषकर छात्रों तथा अंतरराष्ट्रीय अवसरों की तलाश कर रहे युवाओं को काफी मदद मिलेगी।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने सेंट माइकल हाई स्कूल के प्रशासन की तरफ से दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर छात्रों, शिक्षकों और आसपास के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए आवेदकों को पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए आयोजित किया गया।
सुश्री रिजवी ने बताया कि उच्च शिक्षा और वैश्विक करियर के अवसरों की आकांक्षा रखने वाले छात्रों ने अन्य लोगों के साथ इस शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो युवाओं के बीच पासपोर्ट सेवाओं की बढ़ती मांग को दर्शाता है। पासपोर्ट मोबाइल वैन सुविधा के माध्यम से आवेदकों ने वहीं पर दस्तावेज़ सत्यापन, बायोमेट्रिक डेटा संग्रह और आवेदन जमा करने सहित पासपोर्ट आवेदन की सभी आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी की।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने कहा कि यह शिविर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की तरफ से आयोजित 15वां पासपोर्ट मोबाइल वैन शिविर था।उन्होंने कहा कि बिहार के विभिन्न जिलों में ऐसे शिविरों के आयोजन से अब तक लगभग 1,800 आवेदकों को पासपोर्ट सेवाओं का लाभ दिया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने जानकारी दी कि इसी क्रम में अगला शिविर 17 से 19 मार्च तक भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, भागलपुर में आयोजित किया जाएगा।
इससे पहले शिविर का शुभारंभ स्वाधा रिज़वी और सेंट माइकल हाई स्कूल के प्राचार्य फादर क्रिस्टू ने संयुक्त रूप से किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित