पटना , मई 23 -- िहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पांच सितारा होटल 'पाटलिपुत्र अशोक' का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। पर्यटन मंत्री श्री गुप्ता ने राज्य की प्रमुख पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्यटन क्षेत्र का विकास कर राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाना है, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए अन्य राज्यों में पलायन न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विजन "विकसित बिहार" के निर्माण का है, जिसमें पर्यटन क्षेत्र की अहम भूमिका है और विभाग इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

श्री गुप्ता ने निर्माणाधीन पांच सितारा होटल पाटलिपुत्र अशोक के विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय पर परियोजना को गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अभियंता और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पहले जमीनी स्तर के काम को पूरा किया जाए। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए इसके लिए विभाग से संबंधित सुविधाएं ससमय उपलब्ध कराएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित