मुंबई , सितंबर 27 -- लव फिल्म्स की आगामी रोमांटिक फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' का पहला वीडियो सॉन्ग 'प्यार मांगा है तुम ही से' रिलीज कर दिया गया है। रोचक कोहली के संगीतबद्ध इस गीत को जुबिन नौटियाल ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल राज शेखर ने लिखे हैं।
गाने में फिल्म के युवा कलाकार स्पर्श, अलीशा, कुणाल, साक्षी, तुषार और सरगुन नजर आ रहे हैं। कैची मेलोडी और अपबीट रिदम से सजा यह गीत फिल्म की युवा और रोमांटिक दुनिया की झलक पेश करता है। गीत को विजय गांगुली ने कोरियोग्राफ किया है और यह टी-सीरीज म्यूजिक पर उपलब्ध है।
रोचक कोहली ने कहा कि वह ऐसा गीत बनाना चाहते थे, जो युवा, बेबाक और आसानी से गुनगुनाने लायक हो। जुबिन नौटियाल ने कहा कि गीत की सहज और रोमांटिक ऊर्जा ने उन्हें पहली बार सुनते ही उत्साहित किया।
राज शेखर ने कहा कि गीत के बोलों के जरिए प्यार में पड़ने के बेबाक एहसास को मस्ती और रोमांस के साथ पेश करने की कोशिश की गई है।
फिल्म के म्यूजिक एल्बम लॉन्च के मौके पर जुबिन नौटियाल, फहीम अब्दुल्ला, आदित्य रिखारी और दर्शन रावल ने लाइव प्रस्तुति दी। रोचक कोहली और उनकी टीम ने भी प्रस्तुति दी, जबकि गीतकार कुमार, गुरप्रीत सैनी और राज शेखर मौजूद रहे। सुनिधि चौहान ने सरप्राइज अपीयरेंस देकर 'प्यार मांगा है तुम ही से' की एक पंक्ति गाकर कार्यक्रम में रंग भर दिया।
लव फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत 'पहला प्यार दूसरी बार' का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है। लव रंजन और अंकुर गर्ग फिल्म के निर्माता हैं। यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को देश-विदेश के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित