पटना , दिसंबर 18 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बच्चों के साथ परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर सीधा संवाद करेंगे और इस कार्यक्रम के लिये बच्चों की ओर से तैयार किये गये सवालों में से 130 चुनिंदा प्रश्न राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से चयनित किये जायेंगे।

इसके लिए परिषद की ओर से व्याख्याताओं की एक विशेष टीम गठित की जायेगी। चयनित प्रश्न राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान परिषद (एनसीईआरटी) को भेजे जायेंगे, जहां से अंतिम रूप से कुछ सवालों का चयन किया जाएगा।

यह संवाद 'परीक्षा पर चर्चा' कार्यक्रम के नौवें संस्करण के तहत आयोजित किया जायेगा, जिसमें छात्र- छात्राएं प्रधानमंत्री से सवाल भी पूछ सकेंगे और मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।

'परीक्षा पर चर्चा' कार्यक्रम में सहभागिता को लेकर पोर्टल के माध्यम से एक ऑनलाइन प्रतियोगिता भी संचालित की जा रही है, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जा रहे हैं। यह प्रतियोगिता 11 जनवरी तक चलेगी। इसमें कक्षा छह से 12 तक के छात्र- छात्राओं के साथ- साथ शिक्षक और अभिभावक भी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये जायेंगे।

कार्यक्रम के दौरान चयनित छात्रों के साथ ही चयनित शिक्षकों और अभिभावकों से भी प्रधानमंत्री संवाद करेंगे। इस संबंध में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से सभी राज्यों को आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं।

इन निर्देशों के अनुपालन में राज्य सरकार के शिक्षा सचिव दिनेश कुमार की ओर से राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके तहत कक्षा छह से 12 तक के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिये जिला स्तर पर लक्ष्य निर्धारित किये गये हैं, जिसमें सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होंगे।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिये प्रत्येक जिले में जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) को सहायक नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। यह पहल छात्रों के मानसिक दबाव को कम करने और परीक्षा को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित