हाजीपुर , मई 16 -- बिहार में वैशाली जिला प्रशासन ने प्रत्येक शनिवार को "नो व्हीकल डे" मनाने की पहल प्रभावी रूप से प्रारंभ कर दी है।इसी क्रम में आज "नो व्हीकल डे" के प्रथम आयोजन के अवसर पर वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह स्वयं अपने आवास से ई-रिक्शा के माध्यम से समाहरणालय पहुंचीं तथा नियमित रूप से कार्यालयीन कार्यों का निष्पादन किया।

जिला पदाधिकारी की इस पहल से प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच सकारात्मक संदेश गया तथा सभी ने उत्साहपूर्वक अभियान में सहभागिता निभाई।

आज समाहरणालय परिसर, उप विकास आयुक्त कार्यालय एवं जिला स्तरीय कार्यालय तथा सभी प्रखंड स्तरीय कार्यालय परिसर में पेट्रोल एवं डीजल चालित वाहनों की उपस्थिति लगभग नहीं के बराबर रही। अधिकांश पदाधिकारी एवं कर्मी ई-रिक्शा, साइकिल, सार्वजनिक परिवहन अथवा पैदल कार्यालय पहुंचे। जिला स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड स्तरीय एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारी द्वारा भी अभियान को सफल बनाने के लिये सक्रिय सहभागिता प्रदर्शित की गई, जिससे पूरे जिले के सभी कार्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि पेट्रोल एवं डीजल जैसे पारंपरिक ईंधनों के उपयोग को यथासंभव कम किया जाए तथा स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि सप्ताह में कम-से-कम एक दिन ऐसा अवश्य होना चाहिए, जब हम सभी बिना ईंधन अथवा न्यूनतम ईंधन उपयोग वाले साधनों का प्रयोग करें।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि कार-पूलिंग, सार्वजनिक परिवहन, ई-व्हीकल एवं साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देकर न केवल ईंधन की बचत की जा सकती है, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण एवं स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

जिला पदाधिकारी द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई कि वे प्रत्येक शनिवार को यथासंभव साइकिल, ई-व्हीकल, सार्वजनिक परिवहन अथवा पैदल चलने की आदत अपनाएं तथा "नो व्हीकल डे" अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव हैं और सामूहिक सहभागिता से ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है।उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत घरों में सोलर प्लांट लगाने, पीएनजी गैस कनेक्शन को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक होने का आग्रह किया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि वैशाली जिला प्रशासन पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा आने वाले समय में भी प्रत्येक शनिवार को "नो व्हीकल डे" के रूप में मनाते हुए इस अभियान को व्यापक जनसहभागिता से सफल बनाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित