श्रीनगर , मई 4 -- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को खिलाड़ियों से "नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान" के राजदूत के रूप में काम करने और युवाओं को नशा छोड़कर खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
श्री सिन्हा कश्मीर विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय वुशु प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने दोहराया कि प्रशासन उच्च शिक्षण संस्थानों में एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे हर छात्र को सक्रिय और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का समान अवसर मिले।
उपराज्यपाल ने कहा कि अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय वुशु प्रतियोगिता केवल एक खेल मुकाबला नहीं है; बल्कि यह 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' का जीवंत उत्सव है और विविधता में एकता, अनुशासन, उत्कृष्टता तथा राष्ट्रीय अखंडता को बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त मंच है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित