नयी दिल्ली , फरवरी 22 -- 'नमो भारत' रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) सेवा के उद्घाटन और पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर शुरू होने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। श्रीमति गुप्ता ने आगे कहा कि यह राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्र के लिए एक नया मील का पत्थर स्थापित हुआ है। इससे दिल्ली और एनसीआर में संपर्क बेहतर होने के साथ यात्रा तेज, सुरक्षित तथा आरामदायक बनेगी।

श्रीमति गुप्ता ने परियोजना के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति दिल्लीवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए इसे अत्याधुनिक और गौरवपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि मेरठ और आसपास के शहरों से रोज़ाना दिल्ली आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को अब तेज और भरोसेमंद यात्रा का नया विकल्प मिलेगा, जिससे यात्रा समय में काफी कमी आएगी और दैनिक आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा।

श्रीमति गुप्ता ने कहा कि आरआरटीएस के संचालन से सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या घटेगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होने और कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की भी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की परिवहन क्षेत्र की सोच एकीकृत, आधुनिक और टिकाऊ विकास पर आधारित है, जिसका उद्देश्य केवल सड़कों, रेल, मेट्रो या हवाई सेवाओं का विस्तार नहीं बल्कि बहु-माध्यमीय कनेक्टिविटी के जरिए देश के हर क्षेत्र को जोड़ना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित