पटना , सितंबर 27 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा है कि विदेशों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
बिहार विधान सभा सचिवालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. कुमार ने अपने न्यूजीलैंड दौरे के क्रम में ऑकलैंड स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से श्री स्वामीनारायण मंदिर परिसर, पापाटोएटो में आयोजित 'नमस्ते न्यूजीलैंड 2026' सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध विरासत है। भारतीय भाषाएं, त्योहार, संगीत, नृत्य, पारिवारिक मूल्य और जीवनशैली देश की विशिष्ट पहचान हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित