कपूरथला , जुलाई 14 -- पंजाब में कपूरथला नगर निगम ने अर्बन मैनेजमेंट सेंटर और यूएनडीपी के सहयोग से 'नमस्ते योजना' के तहत मंगलवार को शालीमार बाग में कार्यक्रम आयोजित कर कचरा बीनने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए पीपीई किट वितरित की।

कार्यक्रम का नेतृत्व नगर निगम आयुक्त अनुपम क्लेर ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ उप महापौर कामाक्षी दुग्गल, उप महापौर समीर शर्मा, पार्षद अमरदीप गुजराल (विक्की), एक्सईएन सुखविंदर सिंह, सीएसओ जगदीप सिंह, सीएसआई हितेश कुमार, प्रीतपाल सिंह (पल्ली) तथा स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) की टीम भी उपस्थित रही।

कार्यक्रम के दौरान सिविल अस्पताल की डॉ. संगीता गिल के नेतृत्व में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों और नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता बनाये रखने, कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण करने, एकल-उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने तथा कचरा बीनने वाले श्रमिकों की गरिमा का सम्मान करने की शपथ भी दिलायी गयी।

कार्यक्रम के तहत पौधारोपण अभियान भी चलाया गया और चार डस्टबिन प्रणाली के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। नागरिकों से अपील की गयी कि वे गीले कचरे के लिए हरा, सूखे कचरे के लिए नीला, घरेलू खतरनाक कचरे के लिए लाल तथा अवशिष्ट (रिजेक्ट) कचरे के लिए काला डस्टबिन का उपयोग करें। साथ ही घरों में जैविक कचरे से खाद (होम कम्पोस्टिंग) बनाने को भी प्रोत्साहित किया गया।

नगर निगम ने लोगों से आह्वान किया कि वे स्रोत पर कचरे का पृथक्करण अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें और कपूरथला को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। निगम ने समावेशी विकास और सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहरायी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित