नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित केंद्रीय कार्यालय में मंगलवार को पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल दिखा और ढोल नगाड़ों की थाप के साथ भारत माता की जय तथा भाजपा जिंदाबाद से पूरा परिसर गूंजता रहा।

भारी संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता अपने युवा नेता नितिन नबीन के आधिकारिक रूप से अध्यक्ष बनने का जश्न मना रहे थे। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। वहीं नेताओं को अपने बीच पाकर भाजपा कार्यकर्ता सेल्फी लेते नजर आये।

श्री नबीन के भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद देशभर से पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे थे। इस अवसर पर भाजपा कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था। पार्टी के झंडों, बैनरों और पोस्टरों से माहौल पूरी तरह उत्सवी नजर आया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री, सांसद, संगठन के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ गया। श्री मोदी ने श्री नबीन को विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए संगठन पर्व की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सराहना की। उनके संबोधन को भाजपा कार्यालय में बड़ी स्क्रीन पर लाइव दिखाया गया, जिसे कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ सुना।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि श्री नबीन के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी। कार्यकर्ताओं का मानना है कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी और 2029 के लोकसभा चुनाव सहित आगामी विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेताओं ने श्री नबीन को शुभकामनाएं दीं और पार्टी की परंपराओं और विचारधारा को आगे बढ़ाने वाला नेता बताया। नेताओं ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका कार्यकर्ता है और संगठन पर्व ने एक बार फिर पार्टी की आंतरिक लोकतांत्रिक संस्कृति को साबित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित