कोलकाता , सितंबर 16 -- प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक'द स्टेट्समैन' बुधवार को यहां आयोजित एक समारोह में ग्रामीण और पर्यावरण पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए अपने वार्षिक पुरस्कार प्रदान करेगा। पश्चिम बंगाल की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल समारोह की मुख्य अतिथि होंगी।
पुरस्कार समारोह कोलकाता के कला मंदिर में आयोजित किया जाएगा। इसमें पत्रकारों, मीडिया पेशेवरों और पत्रकारिता जगत के वरिष्ठ सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है। इस दौरान ग्रामीण समुदायों और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को सामने लाने में मीडिया की भूमिका पर चर्चा होगी।
1970 के दशक में शुरू किये गये 'द स्टेट्समैन अवॉर्ड्स फॉर रूरल रिपोर्टिंग' के तहत 2025 में समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और वेबसाइटों में प्रकाशित ग्रामीण भारत से जुड़ी विकास संबंधी और खोजी पत्रकारिता के क्षेत्र में पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार के तहत शीर्ष तीन प्रविष्टियों को क्रमशः 25,000 रुपये, 15,000 रुपये और 10,000 रुपये की नकद राशि दी जाती है। देशभर के पत्रकारों से ग्रामीण मुद्दों पर मूल खोजी लेख और रिपोर्ट आमंत्रित की गयी थीं। प्रविष्टियों का मूल्यांकन सामाजिक प्रासंगिकता, तथ्यात्मक सटीकता, पेशेवर समर्पण और लेखन की गुणवत्ता समेत विभिन्न मानकों पर किया गया है।
पुरस्कार से जुड़े प्रतिष्ठित पत्रकारों और मीडिया पेशेवरों के पैनल में मुकुंद पद्मनाभन, आर. राजगोपाल, सिद्धार्थ भाटिया और कृष्ण प्रसाद शामिल हैं। पैनल पत्रकारिता, मीडिया, ग्रामीण रिपोर्टिंग और पर्यावरण रिपोर्टिंग से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेगा।
समारोह में सी.आर. ईरानी फाउंडेशन का पर्यावरण रिपोर्टिंग पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार के तहत 25,000 रुपये की नकद राशि दी जाती है। पर्यावरण रिपोर्टिंग पुरस्कार के लिए प्रविष्टियों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, सटीकता, शोध की गहराई और समग्र पत्रकारिता गुणवत्ता के आधार पर किया गया। ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित