मुंबई , जुलाई 21 -- आगामी फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' की टीम ने महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त तुकाराम मुंढे से मुलाकात कर फिल्म के विषय और उसके सामाजिक संदेश पर चर्चा की।इस अवसर पर फिल्म की प्रमुख कलाकार काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े, निर्देशक चेतन डीके तथा लेखक-निर्माता सागर बी. शिंदे मौजूद थे। जनसेवा और प्रशासनिक कार्यशैली के लिए चर्चित तुकाराम मुंढे ने खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषय को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर भी फिल्म के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
काजल अग्रवाल ने भी तुकाराम मुंढे की ईमानदारी और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। फिल्म की टीम ने कहा कि इस तरह के सामाजिक सरोकार वाले विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
जी स्टूडियोज और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज के बैनर तले बनी 'द इंडिया स्टोरी' का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। यह फिल्म 24 जुलाई, 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में विश्वभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
फिल्म की कहानी कीटनाशक आधारित खेती और खाद्य पदार्थों में मिलावट जैसे गंभीर मुद्दों पर केंद्रित है। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म इन समस्याओं के वर्तमान और भावी पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को उजागर करते हुए जनजागरूकता और सार्थक संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास करती है।
फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं। वहीं तकनीकी टीम में निशांत भागवत (छायांकन), मंगेश धाकड़े (संगीत), आशीष म्हात्रे (संपादन), शकील आज़मी (गीत) और अनमोल भावे (साउंड डिजाइन) ने योगदान दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित