मुंबई , जुलाई 09 -- सामाजिक मुद्दे पर आधारित आगामी कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' का एक और दमदार पोस्टर जारी किया गया है। नए पोस्टर में अभिनेत्री काजल अग्रवाल और अभिनेता श्रेयस तलपड़े को एक आक्रोशित भीड़ से घिरा दिखाया गया है, जो फिल्म के संवेदनशील विषय और संघर्षपूर्ण कहानी की झलक पेश करता है।
ज़ी स्टूडियोज़ के सहयोग से एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में रिलीज़ होगी।
कीटनाशक आधारित खेती और उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों जैसे गंभीर विषय पर आधारित यह फिल्म कोर्टरूम ड्रामा के माध्यम से एक महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दे को उठाती है। नए पोस्टर में सब्जी मंडी की पृष्ठभूमि में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े को गुस्साई भीड़ के बीच दिखाया गया है, जहां लोग उन पर सब्जियां फेंकते और विरोध करते नजर आते हैं। पोस्टर पर लिखी टैगलाइन "स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस " फिल्म के केंद्रीय संदेश को और प्रभावी बनाती है।
निर्देशक चेतन डीके ने कहा, "यह पोस्टर सच बोलने की कीमत को दर्शाता है। जब किसी झूठ पर आधारित व्यवस्था को चुनौती दी जाती है, तो पहली प्रतिक्रिया अक्सर डर और गुस्से के रूप में सामने आती है। 'द इंडिया स्टोरी' का हर फ्रेम दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करेगा कि वे क्या खा रहे हैं और किस पर विश्वास कर रहे हैं।"फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं। फिल्म के सिनेमैटोग्राफर निशांत भागवत, संगीतकार मंगेश धकड़े, संपादक आशीष म्हात्रे, गीतकार शकील आज़मी तथा साउंड डिजाइनर अनमोल भावे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित