ओटावा , जनवरी 20 -- उत्तर अमेरिका एयरोस्पेस डिफेंस कमांड (नोराड) ने सोमवार को कहा कि उसके विमान जल्द ही ग्रीनलैंड के पिटुफिक स्पेस बेस पहुंचेंगे। यह तैनाती 'दीर्घावधि से नियोजित नोराड गतिविधियों' की एक शृंखला का हिस्सा है।
नोराड ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर जानकारी दी है कि ये विमान अमेरिका और कनाडा के महाद्वीपीय अड्डों से संचालित होने वाले अन्य संसाधनों के साथ जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि ये गतिविधियां अमेरिका, कनाडा और डेनमार्क साम्राज्य के बीच 'स्थायी रक्षा सहयोग' को और मजबूती प्रदान करती हैं।
नोराड ने यह भी स्पष्ट किया कि इस गतिविधि को डेनमार्क के साथ समन्वित किया गया है और सभी सहायक बल आवश्यक राजनयिक मंजूरी के साथ काम कर रहे हैं। साथ ही, ग्रीनलैंड सरकार को भी इन नियोजित गतिविधियों की जानकारी दे दी गयी है।
कमांड ने यह भी उल्लेख किया कि यह अलास्का, कनाडा और महाद्वीपीय अमेरिका के एक या सभी तीनों क्षेत्रों के जरिये 'उत्तरी अमेरिका की रक्षा में निरंतर और विस्तृत अभियान नियमित रूप से संचालित करता है'।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित