नयी दिल्ली , अगस्त 09 -- 'संस्कृति युवा संस्था' ने कला, साहित्य, समाज सेवा, मीडिया, रक्षा, चिकित्सा और उद्यमशीलता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली दिल्ली की 31 प्रमुख प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं दुपट्टा देकर 'दिल्ली गौरव सम्मान' से सम्मानित किया।
इस समारोह का पहली बार आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में आयोजत इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल 'निशंक' तथा राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र थे।
मुख्य अतिथि अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि दिल्ली की विभूतियों का सम्मान करना अनुकरणीय कार्य है और भारतीय संस्कृति को समृद्ध बनाने का दायित्व युवाओं पर है।
डॉ. रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान समाज का दायित्व है, जिससे भावी पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलता है। वहीं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के संस्था के प्रयासों की सराहना की।
संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि भारत गौरव, राजस्थान गौरव और मुंबई गौरव की तर्ज पर यह आयोजन शुरू किया गया है।
संस्था जयपुर मैराथन और संसद भवनों में अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोहों के अलावा विभिन्न सामाजिक अभियान भी चलाती है। कार्यक्रम का संचालन सौम्यता मिश्रा ने किया तथा संयोजक डॉ केसी परवल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह में कथक नृत्यांगना शोवना नारायण, राजयोगिनी बीके लक्ष्मी, स्वामी प्रेम अन्वेषी, पूर्व आईएफएस अखिलेश मिश्रा, डॉ. संदीप मारवाह, मनीष त्रिपाठी, लिबराथा कल्लाट, गौरव गुप्ता, आशीष कुमार, डॉ. अजीत पाठक, फिल्म निर्देशक राज शांडिल्य, डॉ. करण चौधरी, अधिवक्ता विदुषी निशंक, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) मनोज कुमार सिन्हा, जी न्यूज के कंट्री हेड नीरज पांडे, प्रेस काउंसिल सदस्य गुरिंदर सिंह, गूंज के संस्थापक अंशु गुप्ता, एबीपी न्यूज के राहुल मिश्रा, स्वाति गर्ग, राजेश बजाज, डॉ. अंशुल दीवान, डॉ. मुकेश कुमार, शरण झा, अविनाश मलिक, डॉ. विनोद कश्यप, आशीष कुमार, रेनू सिंह, सौरव बैसोया, वरिष्ठ पत्रकार अदिति नागर, शेखर कौशिक और मोनू चौहान को सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित