मुंबई , जुलाई 13 -- सन नियो के नए शो 'थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान' में अनुप्रिया का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री अंकिता बहुगुणा का कहना है कि इस भूमिका ने उन्हें एक नया आत्मविश्वास दिया है।शो को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और इसकी कहानी के साथ-साथ इसके किरदार भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इनमें अनुप्रिया का किरदार अपने मजबूत व्यक्तित्व और अलग अंदाज के कारण खास पहचान बना रहा है।

अंकिता ने अपने किरदार के बारे में कहा, "मैं शो में अनुप्रिया का किरदार निभा रही हूं। वह पढ़ी-लिखी, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी लड़की है। वह अपनी मां के साथ मिलकर अपनी कंपनी चलाती है। अनुप्रिया अपनी जिंदगी में पूरी तरह से स्थापित है और उसे पता है कि उसे जीवन में क्या चाहिए। उसका व्यक्तित्व बेहद मजबूत है और उसमें स्वाभाविक 'बॉस लेडी' वाला आत्मविश्वास है। वह अपने फैसले खुद लेती है और पूरे भरोसे के साथ उन पर कायम रहती है।"उन्होंने कहा, "अनुप्रिया का किरदार निभाना मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव है, क्योंकि मैंने इससे पहले ऐसा किरदार कभी नहीं निभाया। इस भूमिका को निभाते हुए मुझे भी एक नया आत्मविश्वास मिला है। हर दिन शूटिंग के दौरान मैं अनुप्रिया के बारे में कुछ नया सीखती हूं, जिससे यह सफर और भी दिलचस्प बन जाता है। मैं इस किरदार को निभाकर बेहद खुश हूं।"'थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान' एक साधारण लड़की की प्रेरणादायक कहानी है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती है। यह धारावाहिक हर सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे केवल सन नियो पर प्रसारित किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित