मुंबई , सितंबर 28 -- गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय अभिनीत फिल्म 'तुम मेरे हो' के गाने 'तुम्हें भी हमसे' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है और मेकर्स इसे कल रिलीज करने जा रहे हैं।फिल्म की झलक में गाने की धुन सुनने के बाद प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर इसे जल्द रिलीज करने की मांग की थी। मिथुन की कंपोजिशन और विशाल मिश्रा की आवाज में तैयार 'तुम्हें भी हमसे' प्यार, जुनून और भावनाओं से भरपूर नजर आ रहा है। गाने में गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की केमिस्ट्री भी देखने को मिलेगी।

'तुम मेरे हो' ईशा मालवीय की हिंदी सिनेमा में पहली फिल्म है। फिल्म का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है। इसका निर्माण रेवा क्रिएटिव हाउस और डेबगुरु फिल्म्स ने किया है। फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी सारेगामा के पास है, जबकि वितरण पीवीआर पिक्चर्स द्वारा किया जा रहा है।

फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले निरंजन अयंगर और पूर्वा नरेश ने लिखा है। फिल्म में शान आर. ग्रोवर भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जबकि अनुष्का लुहार अभिनय की शुरुआत कर रही हैं।

प्यार और जुनून से भरी 'तुम मेरे हो' 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित