देहरादून/चमोली , अक्तूबर 05 -- उत्तराखंड को "ड्रग्स फ्री देवभूमि" बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में चमोली जनपद में पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार एवं नशीले पदार्थों की खेती के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में एसओजी चमोली, चौकी देवाल, समाज कल्याण विभाग एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने रामपुर एवं तोरती क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 90 नाली भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही नष्ट किया है। इस कार्रवाई के साथ ही अभियान के तहत अब तक कुल 160 नाली अवैध भांग की खेती को नष्ट किया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने सोमवार को बताया कि पुलिस द्वारा स्थानीय ग्रामीणों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है और इस प्रकार की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा ग्रामीणों को भांग के सेवन एवं इसके अवैध उत्पादन से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी देते हुए नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने तथा अपने आसपास प्राकृतिक रूप से उगी जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही क्षेत्र के युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने एवं नशामुक्त वातावरण तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि चमोली पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे के कारोबार और नशे की खेती के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। देवभूमि को नशामुक्त बनाने के अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित