मुंबई , सितंबर 24 -- स्टार प्लस के शो 'सयोनी' से रश्मि देसाई ने टेलीविजन फिक्शन में वापसी की है। शो के 23 सितंबर को हुए प्रीमियर के मौके पर मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपने किरदार माया और टेलीविजन से अपने जुड़ाव को लेकर बात की।
शो का हिस्सा बनने की वजह पूछे जाने पर रश्मि ने मजाकिया अंदाज में कहा, "मेरे ज्योतिषी ने कहा था, 'ये शो पकड़ लो, तुम्हारी लोकप्रियता तीन गुना बढ़ने वाली है।'"माया के किरदार के बारे में रश्मि ने कहा, "माया बहुत व्यावहारिक महिला है। वह दुनिया को अलग नजरिए से देखती है और मानती है कि औरतों और मर्दों में कोई फर्क नहीं होना चाहिए। कभी उस पर गुस्सा आएगा, तो कभी लगेगा कि उसकी बात भी सही है। आप माया से प्यार करें या उसे नापसंद करें, लेकिन उसे पर्दे पर देखना जरूर पसंद करेंगे।"अपने अब तक के सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा, "टेलीविजन मेरी मां है। मैंने तपस्या का किरदार निभाया, शोरवरी का किरदार निभाया और अब माया का किरदार निभा रही हूं। दर्शकों ने मुझे हमेशा बहुत प्यार दिया है। हर नए किरदार से उम्मीदें जुड़ी होती हैं, लेकिन मेरे लिए जमीन से जुड़े रहना सबसे जरूरी है।"सरगुन मेहता और रवि दुबे निर्मित 'सयोनी' में जान्हवी सोनी, सानवी और गौतम सिंह विग आदित्य की भूमिका में हैं। यह शो रोजाना शाम 7:30 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होता है और जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित