मुंबई , सितंबर 17 -- धर्मा प्रोडक्शंस की पहली गुजराती फिल्म 'जिंदगी वन्स मोर' अब शेमारूमी पर उपलब्ध हो गई है। सिद्धार्थ रांदेरिया और दीप धोलकिया अभिनीत यह फिल्म 17 सितंबर 2026 से दर्शकों के लिए उपलब्ध है।फिल्म की कहानी पिता-पुत्र के रिश्ते और जिंदगी में मिले दूसरे मौके के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में बेटा शेखर अपने पिता के अतीत को जानने की कोशिश करता है और इस दौरान उनके सपनों, दोस्तियों और यादों से रूबरू होता है।
सिद्धार्थ रांदेरिया ने पिता और दीप धोलकिया ने उनके बेटे शेखर की भूमिका निभायी है। फिल्म परिवार, रिश्तों और भावनाओं के साथ पिता के उस व्यक्तित्व को सामने लाती है, जो अक्सर उनकी खामोशी के पीछे छिपा रह जाता है।
सिद्धार्थ रांदेरिया ने कहा कि ऐसे पिता का किरदार निभाना, जो अपने भीतर बहुत कुछ रखते हैं लेकिन कम व्यक्त करते हैं, उनके लिए भावुक अनुभव रहा। उन्होंने उम्मीद जतायी कि फिल्म दर्शकों को अपने पिता को अधिक अपनापन और समझ के साथ देखने के लिए प्रेरित करेगी।
दीप धोलकिया ने कहा कि फिल्म बताती है कि माता-पिता बनने से पहले उनका भी अपना जीवन, सपने और इच्छाएं होती हैं। शेखर अपने पिता के अतीत को जानकर पिता की भूमिका के पीछे छिपे इंसान को समझता है।
वासु धोलकिया निर्मित इस फिल्म का निर्माण वार्ताकार फिल्म्स ने किया है। धर्मा प्रोडक्शंस फिल्म के प्रस्तुतकर्ता और वितरक के रूप में इससे जुड़ा है। फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब शेमारूमी पर उपलब्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित