पटना, मई 18 -- नजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित "जनजातीय गरिमा उत्सव" अंतर्गत "जन भागीदारी - सबसे दूर, सबसे पहले" अभियान के सफल संचालन के लिये सोमवार को बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय ओरियंटेशन सत्र का आयोजन किया गया। हाइब्रिड मोड में आयोजित इस ओरियंटेशन सत्र में बिहार के 24 जिलों के जिला पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जनजातीय क्षेत्रों में संचालित होने वाले सभी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन मिशन मोड में सुनिश्चित किया जाए तथा यह ध्यान रखा जाए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचे। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कैंपों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत संतृप्ति के लक्ष्य को प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समुदायों के सम्मान, अधिकार एवं विकास से जुड़ा व्यापक सामाजिक अभियान है।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों द्वारा अभियान की विस्तृत रूपरेखा, गतिविधियों की समय-सीमा, मॉनिटरिंग व्यवस्था एवं विभागवार दायित्वों की जानकारी दी गई। राज्य स्तर से अभियान की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी तथा सभी जिलों से प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित