चम्पावत , मार्च 21 -- उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चम्पावत जिले में आगामी 23 से 25 मार्च तक "जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल" थीम पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद स्तर पर भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ 23 मार्च को गोरलचौड़ मैदान में प्रातः 11 बजे दीप प्रज्ज्वलन, वंदना एवं स्वागत गीतों के साथ होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन उपकरण वितरण एवं जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे तथा डिजिटल सेवाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष सत्र आयोजित होंगे। दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
इसी दिन साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम भी गोरलचौड़ मैदान में आयोजित होगा।
दूसरे दिन 24 मार्च को कार्यक्रमों का विस्तार जनपद मुख्यालय से सभी विकासखंडों तक किया जाएगा। महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। युवाओं के लिए मुख्यालय में मैराथन प्रतियोगिता तथा विकासखंड स्तर पर खेलकूद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
साथ ही आधार पंजीकरण शिविर और विभागीय स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
अंतिम दिन 25 मार्च को महिला सशक्तिकरण, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कौशल विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिसमें जिला उद्योग केंद्र और बैंकिंग संस्थाओं की भागीदारी रहेगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित