चम्पावत , मार्च 24 -- 'जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल' कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के चम्पावत जिले के चारों विकासखंड चम्पावत, लोहाघाट, बाराकोट और पाटी में मंगलवार को व्यापक स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार इन शिविरों में जिला प्रशासन के समन्वय से विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को मौके पर ही लाभान्वित किया।

शिविरों में चिकित्सा, वन, महिला एवं बाल विकास, सहकारिता, दुग्ध विकास, कृषि, उद्यान और पशुपालन समेत कई विभागों ने भागीदारी की। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया और बीपीएल प्रमाण पत्र जारी करने के साथ ही विधवा, दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन से जुड़े आवेदनों को स्वीकृति दी गई।

कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एग्री स्टेक पंजीकरण, कृषि दवाओं का वितरण और किसानों को पॉलीहाउस जैसी योजनाओं से जोड़ा गया। वहीं विद्युत विभाग ने बिजली बिल वितरण, संशोधन और नए कनेक्शन से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया।

इन शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को राहत मिली और सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी (चम्पावत), कविंद्र रावत (लोहाघाट), अवनीश उपाध्याय (बाराकोट) और मोनिका पाल (पाटी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित