प्रयागराज , अगस्त 8 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर युवाओं, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश के युवाओं को एक ऐसे 'चक्रव्यूह' में फंसा दिया गया है, जहां उनके लिए रोजगार के अवसर लगातार कम किए जा रहे हैं।
श्री राहुल गांधी ने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय कभी देश के सबसे अच्छे विश्वविद्यालयों में माना जाता था। उन्होंने छात्रों से कहा, "छात्र भारत की शक्ति हैं। मैं हिंदुस्तान के हर युवा की बात कर रहा हूं।" उन्होंने कहा कि दुनिया में युवाओं की सबसे बड़ी आबादी भारत में है और 21वीं सदी में कोई भी देश युवाओं और डेटा की शक्ति से ही विकसित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि "सिस्टम ने आज युवाओं को चक्रव्यूह में फंसा कर रखा है।"श्री राहुल गांधी ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के लिए मिलने वाला पैसा छीना जा रहा है और युवाओं को ऐसी शिक्षा व्यवस्था की ओर धकेला जा रहा है, जहां आने वाले वर्षों में मिलने वाली डिग्री और सर्टिफिकेट से भी उन्हें नौकरी नहीं मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा हिंदुस्तान बनाया जा रहा है, जहां युवाओं को रोजगार नहीं दिया जाएगा।
छात्रों ने उठाए परीक्षा में धांधली और भर्ती के मुद्दे कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश परीक्षा आयोग की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद किया। छात्रों ने परीक्षा में कथित धांधली, भर्ती में देरी और रोजगार के मुद्दे उनके सामने रखे। शिक्षा विभाग में भर्ती की तैयारी कर रहे छात्रों ने भर्ती नहीं होने की समस्या बताई और रोजगार का नियमित कैलेंडर जारी करने की मांग की। बिहार से आए कुछ छात्रों ने पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने की समस्याएं उठाईं। छात्रों ने बिहार में आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज का मुद्दा भी राहुल गांधी के सामने रखा।
श्री राहुल गांधी ने कहा कि रोजगार के सारे दरवाजे बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विनिर्माण क्षेत्र, उद्यमिता, सार्वजनिक क्षेत्र और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों को चौपट किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित