नयी दिल्ली , जून 25 -- कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू किये गये राष्ट्रव्यापी 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत गुरुवार को देश के 28 प्रमुख शहरों में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरुण पांडे ने गुरुवार को बताया कि 'छात्रों की गूंज' 40 दिनों का राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसे छात्रों, नौकरी के अभ्यर्थियों और युवाओं के मुद्दों को लेकर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, परिणामों में देरी, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कथित विफलताओं के खिलाफ युवाओं की आवाज बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित