कीव/यरुशलम , अप्रैल 28 -- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इजरायल पर रूसी कब्जे वाले क्षेत्रों से कथित रूप से लाये गये "चोरी के यूक्रेनी अनाज" को अपने बंदरगाहों में प्रवेश देने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि वह इस व्यापार से जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

श्री ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि ऐसा एक और जहाज इजरायली बंदरगाह पर पहुंचा है और माल उतारने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि यह वैध व्यापार नहीं हो सकता और इजरायली अधिकारी इस बात से अवगत हैं कि कौन से जहाज पहुंच रहे हैं तथा वे क्या माल लेकर आ रहे हैं।

यह बयान ऐसे समय आया है जब यूक्रेन और इजरायल के बीच इस मुद्दे पर कूटनीतिक तनाव बढ़ गया है। यूक्रेनी विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने कथित निष्क्रियता को लेकर इजरायल के राजदूत को तलब किया।

रिपोर्टों के अनुसार, 'पैनोर्मिटिस' नामक एक जहाज, जिस पर कथित रूप से रूसी कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों से अनाज लदा है, हाइफा बंदरगाह पर अनुमति की प्रतीक्षा कर रहा था, जबकि इसी तरह की कई खेपें इस वर्ष पहले ही इजरायल पहुंच चुकी हैं।

इजरायल के विदेश मंत्री गिडियोन साआर ने यूक्रेन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने यह साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं दिए कि अनाज चोरी का है। उन्होंने यूक्रेन पर मीडिया के माध्यम से दबाव बनाने का आरोप लगाया।

श्री ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस व्यवस्थित रूप से कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों से अनाज जब्त कर उसे अपने सहयोगियों के माध्यम से निर्यात कर रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय और इजरायली कानून का उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन इस तरह की खेपों को रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे जहाजों को नहीं रोका गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित